– 20वें सामूहिक विवाह समारोह में 6 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, परिवारों को मिला बड़ा सहारा
हनुमानगढ़। समाज में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के हाथ पीले करने का संकल्प लेकर कार्य कर रही श्री नव दुर्गा सेवा समिति ने अपने 20वें सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन जंक्शन व्यापार संघ धर्मशाला में भावपूर्ण और गरिमामय वातावरण में किया। इस वर्ष कुल 6 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, जिनमें से 5 जोड़ों का सिख रीति-रिवाज से आनंद कारज तथा एक जोड़े का हिंदू परंपरा अनुसार फेरे कराकर विवाह संपन्न कराया गया।
समारोह के दौरान कई परिवारों की आंखें खुशी और संतोष से नम नजर आईं। जिन बेटियों के विवाह को लेकर अभिभावक वर्षों से चिंता में थे, उनके लिए यह आयोजन किसी वरदान से कम नहीं रहा। समिति ने न केवल विवाह की संपूर्ण व्यवस्था की, बल्कि नवदंपतियों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए घरेलू उपयोग का आवश्यक सामान और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाने हेतु सिलाई मशीन भी उपहार स्वरूप प्रदान की। इससे नवविवाहित जोड़ों को नए जीवन की शुरुआत में मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर हिसारिया परिवार ने पूर्व सभापति राजकुमार हिसारिया की 50वीं विवाह सालगिरह तथा उनके सुपुत्र आदित्य हिसारिया की 25वीं विवाह वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूरे आयोजन का व्यय वहन कर सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। परिवार ने कहा कि समाज के सहयोग से ही जीवन की खुशियां पूर्ण होती हैं, इसलिए उन्होंने अपनी खुशियों को जरूरतमंद परिवारों के साथ बांटने का संकल्प लिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































