राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में नवीन ने जीता कांस्य पदक

166

– नवीन ने पहली ही प्रतियोगिता में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
हनुमानगढ़। जूडो खिलाड़ी नवीन पुत्र सुनील भारी ने अपनी पहली ही प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्या सेंट्रल एकेडमी स्कूल व परिवार का नाम रोशन किया है। भरतपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सब-जूनियर व केडिट जूडो प्रतियोगिता में नवीन ने कठिन मुकाबलों में बेहतरीन खेल दिखाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। यह उपलब्धि न केवल नवीन के लिए गौरव का विषय है बल्कि विद्यालय और जिले के लिए भी गर्व की बात है।
नवीन की मेहनत और उनके प्रशिक्षकों की लगन का यह परिणाम है कि पहली ही बार में उन्होंने प्रतियोगिता में पदक हासिल किया। नवीन की इस उपलब्धि पर उनके परिवारजनों में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और साथियों ने भी उन्हें बधाई दी। विद्यालय के खेल प्रशिक्षकों का कहना है कि नवीन अनुशासित और मेहनती खिलाड़ी हैं, जिन्होंने नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता अर्जित की।
निदेशक दीपक कश्यप ने बताया कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी बराबर महत्व देता है। खेलों से बच्चों का शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक विकास भी होता है। इसी सोच के चलते विद्यालय के खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में निरंतर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय के खिलाड़ियों द्वारा हासिल की गई उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि संस्थान प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें सही दिशा देने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता है।
विद्यालय परिवार ने नवीन की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि आने वाले समय में वह और भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। नवीन ने भी अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय को देते हुए कहा कि आगे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर स्वर्ण पदक जीतना उनका अगला लक्ष्य है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।