– मूर्ति अनावरण एवं जयकारों के साथ गूंजा मंदिर परिसर, 9 दिन होंगे धार्मिक आयोजन
हनुमानगढ़। श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के तत्वावधान में सोमवार को जंक्शन स्थित श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में नवरात्र महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर माता रानी की नई प्रतिमा का अनावरण भक्तों के जयकारों और उत्साह के बीच किया गया। मंदिर प्रांगण में धार्मिक वातावरण का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
आयोजन की शुरुआत समिति अध्यक्ष अश्वनी नारंग, सचिव चिमन मित्तल बब्बू और प्रन्यास पदाधिकारियों द्वारा की गई। पंडित धर्मेंद्र शास्त्री के सानिध्य में विधिवत मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने “जय माता दी” के गगनभेदी नारों के साथ प्रतिमा का अनावरण किया। जैसे ही प्रतिमा का पट खोला गया, पूरा मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा से गूंज उठा।
अध्यक्ष अश्वनी नारंग ने जानकारी दी कि नवरात्र महोत्सव के दौरान लगातार 9 दिनों तक माता रानी की सुबह-शाम आरती और पूजा-अर्चना होगी। प्रतिदिन महिला मंडली द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु परिवार सहित सम्मिलित होकर पुण्य अर्जित कर सकेंगे। महोत्सव के अंतिम दिन प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
समिति ने बताया कि नवरात्र महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का अवसर भी है। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त मंदिर में दर्शन लाभ के लिए पहुंचेंगे और माता रानी के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।
इस अवसर पर प्रन्यास अध्यक्ष अश्वनी नारंग के साथ सुरेंद्र गाड़ी, चिमन मित्तल बब्बू, भीष्म कौशिक, वीरेन्द्र गोयल बब्बी भटेवाले, श्रवण सहारण, सुरेश जेके, महावीर शर्मा, अनिल शर्मा सहित समाज के अन्य गणमान्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से माता रानी से सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































