मनरेगा संग्राम के तहत जिला कलेक्ट्रेट पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन

79

– मनरेगा को कमजोर करने के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सरकार पर लगाए जनविरोधी होने के आरोप
हनुमानगढ़। 
मनरेगा संग्राम के तहत प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला कलेक्ट्रेट, हनुमानगढ़ जंक्शन पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया गया। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मजदूर और आमजन उपस्थित रहे।
धरना प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने केंद्र सरकार पर मनरेगा योजना को कमजोर करने, बजट में कटौती करने और योजना के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों के लिए जीवनरेखा है, लेकिन वर्तमान सरकार इसे धीरे-धीरे समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है। नाम बदलने और नियमों में संशोधन कर मजदूरों के अधिकार छीने जा रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा को बचाना मतलब मजदूर की आवाज को बचाना है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने मजदूरों के अधिकारों पर हमला किया है, उसका भविष्य अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का रवैया मजदूर विरोधी है और इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों लोगों को रोजगार का अधिकार दिया। इससे गांवों में विकास कार्य हुए और मजदूरों को सम्मान मिला। लेकिन आज सरकार इस योजना को खत्म करने की मंशा से काम कर रही है। ग्राम पंचायतों की शक्तियां छीनी जा रही हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर घट रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।