दुर्गा नवमी पर नीलकंठ सेवा प्रन्यास ने किया कंजक पूजन

114

-108 कंजकों का पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना
हनुमानगढ़। श्री नीलकंठ सेवा प्रन्यास हनुमानगढ़ द्वारा चल रहे दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को दुर्गा नवमी के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
सुबह सर्वप्रथम पंडित धर्मेंद्र शास्त्री के सानिध्य में विधिवत पूजन-अर्चन एवं रामायण पाठ का भोग अर्पित किया गया। रामायण पाठ अनुज शर्मा, राज तिवाड़ी, सुरेंदर यादव व उनकी टीम द्वारा किया गया। इसके उपरांत पारंपरिक रीति से कंजक पूजन की शुरुआत हुई। इस मौके पर प्रन्यास संस्थापक व अध्यक्ष अश्विनी नारंग , ट्रस्टी महावीर शर्मा,अनिल शर्मा, सचिव चिमन मित्तल, सहसचिव भीष्म कौशिक, उपाध्यक्ष रामचंद्र बाघला ने स्वयं उपस्थित रहकर कंजकों का पूजन किया। पूजा-अर्चना के बाद 108 कंजक बालिकाओं का विधिवत पूजन कर उन्हें उपहार और प्रसाद प्रदान किया गया। इस दौरान सभी कंजकों का चरण पूजन कर आशीर्वाद लिया गया।
प्रन्यास अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने बताया कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जन-जन के मंगल की कामना के लिए समय-समय पर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि नवरात्र का प्रत्येक दिन शक्ति उपासना और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। विशेषकर दुर्गा नवमी का दिन कन्याओं की पूजा और शक्ति की साधना के लिए सर्वोत्तम माना जाता है। इसी परंपरा के निर्वहन हेतु प्रन्यास ने यह सामूहिक आयोजन किया।
सचिव चिमन मित्तल ने कहा कि कन्या पूजन मात्र परंपरा नहीं है, बल्कि यह समाज में नारी शक्ति के सम्मान और आदर का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से नई पीढ़ी को भी यह प्रेरणा मिलती है कि वे समाज में बेटियों और मातृ शक्ति का सम्मान करें।
इस अवसर पर मंदिर में भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति रस में सराबोर होकर देवी मां की महिमा का गुणगान किया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का काम करते हैं।
कार्यक्रम का समापन मां दुर्गा की आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।