नरेगा कार्य ठप, खेल मैदान अधूरे – ग्राम पंचायतों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

230

– राष्ट्रीय सरपंच संघ के बैनर तले उठाई समस्याएं, ईंट दरों और भुगतान में असमानता पर जताया रोष
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय सरपंच संघ के बैनर तले जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रशासकों ने गुरुवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीण विकास से जुड़ी कई अहम समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान पंचायत प्रशासकों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव एवं हनुमानगढ़ जिला अध्यक्ष चौधरी नरेंद्र सहारण ने बताया कि पंचायतों को भौतिक संसाधनों व योजनाओं की स्वीकृति में आ रही बाधाओं के चलते विकास कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हुए हैं।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से यह बात सामने आई कि महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत स्वीकृत कई कार्य दो महीने बीत जाने के बावजूद शुरू नहीं हो पाए हैं। पंचायतों द्वारा बार-बार अनुस्मारक भेजने के बाद भी विभागीय स्तर पर कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया है, जिससे नरेगा श्रमिकों में भारी असंतोष व्याप्त है। वर्तमान में ग्रामीणों को रोजगार नहीं मिल पा रहा और वे खाली बैठे हैं, जबकि वित्तीय वर्ष का चौथा महीना चल रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि खेल मैदान जैसे संरचनात्मक कार्यों को महात्मा गांधी नरेगा योजना में केवल श्रमिक मद में स्वीकृति दी जा रही है, जबकि सामग्री मद के लिए कोई बजट नहीं दिया गया है। इससे खेल मैदानों का निर्माण अधूरा पड़ा है। जनसुनवाई में जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि खेल मैदान पूर्ण रूप से नरेगा योजना में स्वीकृत होंगे, लेकिन उन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। युवाओं के लिए खेल मैदान न होने से उनमें सरकार व पंचायतों के प्रति रोष पनप रहा है।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।