-स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्रमदान, योग, पोस्टर प्रतियोगिता व पुरस्कार वितरण के साथ हुआ समापन
हनुमानगढ़। सेठ राधा किशन बिहाणी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, हनुमानगढ़ टाउन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की प्रथम इकाई द्वारा मंगलवार को द्वितीय एकदिवसीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रांगण में सरस्वती वंदना, योग, प्राणायाम और लक्ष्य गीत के साथ हुई, जिससे वातावरण में अनुशासन और ऊर्जा का संचार हुआ।
शिविर के दौरान स्वयंसेविकाओं ने गोद ली गई बस्ती में श्रमदान किया और विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने विद्यालय की छतों की सफाई, कार्यालय की अलमारियों को व्यवस्थित करने, अनावश्यक फर्नीचर को समुचित रूप से रखने और बगीचे से खरपतवार हटाने का कार्य किया। इस दौरान स्वच्छता और सेवा की भावना से ओतप्रोत छात्राओं ने “स्वच्छता ही सेवा” का संदेश समाज तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सभी स्वयंसेविकाओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर अपने विचार रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्वयंसेविकाओं को प्रधानाचार्य श्रीमती अनीता शर्मा, उपप्राचार्य श्रीमती अनामिका वर्मा, कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती पुष्पा शर्मा द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
शिविर के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती अनीता शर्मा ने स्वयंसेविकाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है जिसे हर विद्यार्थी को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनएसएस के ऐसे आयोजन न केवल समाज सेवा की भावना को प्रोत्साहित करते हैं बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और सहयोग की भावना भी विकसित करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































