नर्सिंग व जीएनएम कोर्स युवाओं के लिए करियर बनाने का सबसे उपयोगी विकल्प: तरुण विजय

115

– बेबी हैप्पी मॉडर्न नर्सिंग कॉलेज को मान्यता, युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का नया रास्ता खुला, मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में चर्चा
हनुमानगढ़। क्षेत्र के युवाओं के लिए शिक्षा और रोज़गार के क्षेत्र में एक बड़ा अवसर तैयार हुआ है। बेबी हैप्पी एजुकेशन ग्रुप को राजस्थान सरकार की ओर से नर्सिंग व जीएनएम शिक्षा के लिए आधिकारिक मान्यता मिल गई है। समूह के बेबी हैप्पी मॉडर्न नर्सिंग कॉलेज को मिली यह मान्यता न केवल संस्था के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है बल्कि युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के नए द्वार भी खोलती है। बुधवार को कॉलेज परिसर में मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई गई और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में प्रबंध समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से नर्सिंग व जीएनएम शिक्षा की सुविधा की कमी महसूस की जा रही थी। अब कॉलेज के खुलने से युवाओं को घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा उपलब्ध होगी। समिति ने इस बात पर जोर दिया कि आने वाले वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार तेजी से होगा, ऐसे में नर्सिंग व जीएनएम के क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का मजबूत अवसर मिलेगा।
बेबी हैप्पी मॉडर्न एजुकेशन ग्रुप के डायरेक्टर तरुण विजय ने बताया कि तीन वर्षीय नर्सिंग व जीएनएम कोर्स युवाओं के लिए करियर बनाने का सबसे उपयोगी विकल्प बन सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में राज्य और केंद्र सरकार दोनों ही स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही हैं। अस्पतालों में स्टाफ नर्स, हेल्थ असिस्टेंट और अन्य पैरामेडिकल पदों पर बड़ी संख्या में रिक्तियाँ आने की संभावना है। ऐसे में नर्सिंग व जीएनएम कोर्स पूरा करने वाले युवा भविष्य में होने वाली बंपर भर्तियों में शामिल होकर सरकारी नौकरी हासिल कर सकते हैं।
तरुण विजय ने इस बात पर भी जोर दिया कि समूह का लक्ष्य केवल डिग्रियाँ देना नहीं है, बल्कि युवाओं की ज़रूरतों और भविष्य की मांगों को ध्यान में रखते हुए ऐसे कोर्सेज उपलब्ध कराना है जो उन्हें नौकरी दिलाने में सक्षम हों। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं का जीवन तभी बेहतर हो सकता है जब उन्हें सही मार्गदर्शन और रोजगारोन्मुख शिक्षा मिले। नर्सिंग व जीएनएम कॉलेज की शुरुआत इन्हीं उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए की गई है।
समूह के चेयरमैन आशीष विजय ने भी नर्सिंग व जीएनएम कॉलेज की शुरुआत को संस्था के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि बेबी हैप्पी एजुकेशन ग्रुप ने हमेशा वही कोर्स शुरू किए हैं जिनकी समाज में वास्तविक जरूरत हो और जो युवाओं के करियर निर्माण में अहम भूमिका निभा सके। उन्होंने आयुर्वेद, बी.एड (विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए) जैसे कोर्सेज का जिक्र करते हुए कहा कि अब नर्सिंग कॉलेज का खुलना न केवल समूह के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। आशीष विजय ने उम्मीद जताई कि अब राज्य के युवाओं का सरकारी नौकरी पाने का सपना पहले की तुलना में अधिक साकार हो सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।