श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के लिडवास इलाके में भारतीय सेना ने सोमवार को एक बड़ी आतंकवाद विरोधी कार्रवाई करते हुए तीन पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया है। यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन महादेव’ (Operation Mahadev) के तहत की गई, जिसकी जानकारी सेना की चिनार कॉर्प्स ने दी है।
सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया कि आतंकियों के खिलाफ सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर सुबह सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। तलाशी के दौरान इलाके में दो बार फायरिंग की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में तीनों आतंकियों को ढेर कर दिया गया।
पहलगाम हमले से जुड़ा आतंकी भी शामिल?
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मारे गए आतंकियों में पहलगाम हमले का मुख्य आरोपी हाशिम मूसा भी शामिल हो सकता है। हालांकि, सेना ने अभी तक इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं की है। सुरक्षा बलों ने कहा कि आतंकियों की पहचान और विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और आज शाम तक ऑपरेशन महादेव पर विस्तृत प्रेस ब्रीफिंग दी जाएगी।
ये भी पढे़ें: Pahalgam Terror Attack: पहलगाम हमले के संदिग्ध आतंकियों के स्केच जारी, मास्टर माइंड सैफुल्लाह खालिद, देखें तस्वीरे
इलाके में अलर्ट सुरक्षा बढ़ाई
सुरक्षा बलों ने मारे गए आतंकियों के पास से अमेरिका निर्मित M4 कार्बाइन, एक AK-47 राइफल, 17 राइफल ग्रेनेड और कई संदिग्ध वस्तुएं बरामद की हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन हथियारों की जांच की जा रही है कि इन्हें कहां से लाया गया और किन संगठनों से जुड़े थे। लिडवास और आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। किसी भी संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस का सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।
व्हाट्सऐप चैनल से जुड़ें, ताकि ऐसी ज़रूरी खबरें आप तक तुरंत पहुंचें। [यहां क्लिक करें]

बता दें, 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी और 16 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। आतंकियों ने पर्यटकों को उनकी धार्मिक पहचान के आधार पर चुन-चुनकर निशाना बनाया था। घटना पहलगाम शहर से 6 किलोमीटर दूर बायसरन घाटी में हुई थी।
हमले के बाद हुई जांच में तीन आतंकियों के नाम सामने आए थे। 24 अप्रैल को अनंतनाग पुलिस ने 3 स्केच जारी किए। इसमें तीन आतंकियों के नाम थे, अनंतनाग का आदिल हुसैन ठोकर, हाशिम मूसा उर्फ सुलेमान और अली उर्फ तल्हा भाई। मूसा और अली पाकिस्तानी हैं। मूसा पाकिस्तान के स्पेशल सर्विस ग्रुप में कमांडो रह चुका है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































