– छात्रों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश
हनुमानगढ़। पुलकित कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में नशा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के बढ़ते प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना और युवाओं को नशामुक्त जीवन की दिशा में प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज परिसर से हुई, जहां प्राचार्या डॉ. चन्द्रा गुरनानी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में एनएसएस इकाई के स्वयंसेवक, संकाय सदस्य और कॉलेज के विद्यार्थी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने वार्ड नंबर 59, सुरेशिया क्षेत्र में जाकर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “युवाओं का नारा है – नशा मुक्त भारत हमारा है” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को संदेश दिया।
एनएसएस के सहायक प्रभारी श्री मुकेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में श्री महेन्द्र कुमार, श्री कुलदीप सिंह, श्री दयानंद सैनी, श्री राजेन्द्र पूनिया, श्रीमती रजवंत कौर, श्रीमती सीमा रानी सहित अन्य संकाय सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। रैली के दौरान छात्रों ने स्थानीय निवासियों से संवाद स्थापित कर नशे के दुष्प्रभावों और उससे होने वाले शारीरिक, मानसिक तथा सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन सत्र में प्राचार्या डॉ. चन्द्रा गुरनानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का विनाश करता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर शिक्षा, सेवा और समाज सुधार के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने एनएसएस जैसे संगठनों को समाज में जागरूकता लाने का सशक्त माध्यम बताया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
डॉ. गुरनानी ने सभी स्वयंसेवकों और शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि कॉलेज परिवार को गर्व है कि उनके विद्यार्थी समाजहित के अभियानों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक नशामुक्ति संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने यह वचन लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इससे बचने के लिए प्रेरित करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































