– नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान, पंचायती राज व नगरीय चुनावों को लेकर मंथन
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित सर्किट हाउस में आज जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग की एक महत्वपूर्ण संगठात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने की। इस दौरान जनसुनवाई भी आयोजित की गई, जिसमें आमजन एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। बैठक का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत करना तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तय करना रहा। बैठक में कांग्रेस के अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया ने जानकारी देते हुए बताया कि आज की बैठक में मनमोहन सोनी को पुनः जिला ओबीसी कांग्रेस का जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही गुरदीप सिंह चहल को प्रदेश महामंत्री ओबीसी कांग्रेस, सुरेंद्र मारवाल को जिलाध्यक्ष व्यापार एवं उद्योग प्रकोष्ठ कांग्रेस तथा अंतराम को ब्लॉक अध्यक्ष हनुमानगढ़ ओबीसी कांग्रेस के पद पर नियुक्त किए जाने पर माला पहनाकर, राजस्थानी साफा (पगड़ी) पहनाकर एवं शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि आने वाले समय में होने वाले पंचायती राज एवं नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए अभी से एकजुट होकर कार्य करना आवश्यक है। संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका और जनसंपर्क को बढ़ाने पर विशेष चर्चा की गई ।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































