नाबालिग दुष्कर्म व हत्या मामले में आक्रोश फूटा

134

– एनएसयूआई कार्यकर्ताओं व आमजन ने केंडल रोष मार्च निकाल फांसी की सजा की मांग की
हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ उसके पिता के मामा द्वारा दुष्कर्म कर की गई निर्मम हत्या को लेकर पूरे जिले में जनाक्रोश उभर आया है। इसी कड़ी में मंगलवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आमजन के साथ मिलकर कैंडल रोष मार्च निकाला। रोष मार्च में हजारों लोग शामिल हुए और सभी ने दोषी को फांसी देने की मांग की।
मार्च अल्फा सिटी के पास से प्रारंभ होकर भारत माता चौक तक पहुंचा, जहां पीड़िता को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बच्ची की आत्मा की शांति के लिए मौन रखा गया और न्याय की गुहार लगाई गई। मार्च के दौरान हर व्यक्ति के चेहरे पर गुस्सा और पीड़ा साफ झलक रही थी। लोगों ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं और ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी मासूम इस तरह की क्रूरता का शिकार न बने।
मार्च के दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहित जावा ने कहा कि यह घटना हनुमानगढ़ को शर्मसार करने वाली है। समाज को कलंकित करने वाले इस अपराधी को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर दोषी को जल्द से जल्द फांसी की सजा दिलवानी चाहिए, ताकि बच्ची को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सके।
पार्टी के प्रदेश सचिव मनीष मक्कासर ने भी जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। यदि बेटियां सुरक्षित नहीं हैं तो विकास के सारे दावे खोखले साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना ने सभी को झकझोर दिया है और अब समाज को एकजुट होकर बेटियों की सुरक्षा की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे। मक्कासर ने प्रशासन से अपील की कि दोषी को तत्काल प्रभाव से फांसी की सजा दिलाने के लिए विशेष पहल करें।
रोष मार्च में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में आमजन, महिला-पुरुष, व्यापारी वर्ग, छात्र और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी ने हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां लेकर बच्ची की याद में श्रद्धांजलि दी और न्याय के नारे लगाए।
लोगों का कहना था कि जब तक दोषी को फांसी नहीं मिलती, तब तक पीड़िता की आत्मा को शांति नहीं मिल सकती। इस प्रकार के जघन्य अपराधियों के खिलाफ कठोर दंड ही भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने का एकमात्र उपाय है।
अंत में उपस्थित जनसमूह ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा और दोषी को फांसी दिलाने के लिए हर स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष रोहित जावा, पीसीसी सचिव मनीष मक्कासर ,  नगरपरिषद पूर्व उपसभापति अनिल खिचड़ अमरपुरा सरपंच रोहित स्वामी निखिल जेदिया साहिल लहरी विपुल घोडेला अंकप्रीत सिद्धू हरीश मित्तल अली हसन , गोविन्द खटनावलिया, समीर खान मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।