डबलीराठान मिड्ढा बास में पंचायती बनी बवाल का कारण, दो पक्षों में मारपीट व तोड़फोड़

194

– ग्राम पंचायत प्रशासक और परिवार के खिलाफ मुकदमा, आरोपों को बताया झूठा; निष्पक्ष जांच की मांग
हनुमानगढ़। सदर थाना क्षेत्र के गांव डबलीराठान मिड्ढा बास में बुधवार को ग्राम पंचायत प्रशासक के घर पर चल रही पंचायती उस समय विवाद का कारण बन गई जब दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट व तोड़फोड़ की नौबत आ गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने सदर पुलिस थाना में परस्पर मुकदमे दर्ज करवाए हैं। एक पक्ष ने ग्राम पंचायत प्रशासक और उसके परिवार को नामजद करते हुए आरोप लगाए हैं, वहीं प्रशासक पक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
गुरुवार को ग्रामीणों ने जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा के नेतृत्व में सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला से मुलाकात की। ग्रामीणों का कहना था कि ग्राम पंचायत प्रशासक और उसके परिवार के खिलाफ दर्ज मुकदमा झूठा है, इसलिए इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाए।
ग्राम पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि ललकार सिंह ने बताया कि बुधवार की अपराह्न करीब तीन बजे जगसीर सिंह और उसका परिवार उसके पास पंचायती करने आया था। इसी दौरान पंजाब से आए दर्शन सिंह आदि लोग भी मौके पर पहुंच गए। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि गाली-गलौच शुरू हो गई। ललकार सिंह के अनुसार उसने दोनों पक्षों को समझाया कि यदि वे समझौता करना चाहते हैं या कानूनी कार्रवाई करनी है तो पुलिस थाना चले जाएं। लेकिन आरोप है कि दर्शन सिंह और उसके साथी हथियारों से लैस होकर जबरन घर में घुस आए और ग्राम पंचायत प्रशासक, उसकी पत्नी और जगसीर सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।