हनुमानगढ़। सेक्टर नंबर 3 स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ निरंतर जारी है। शुक्रवार को कथा की शुरुआत मुख्य यजमान बालकृष्ण अग्रवाल तथा मंदिर समिति के अध्यक्ष शंकरलाल गुप्ता द्वारा भागवत जी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही, जिन्होंने भक्ति भाव से कथा का श्रवण किया।
कथा वाचक परम श्रद्धेय पंडित प्रकाशानंद महाराज (श्रीधाम वृंदावन, मथुरा) ने इस अवसर पर माता सती के त्याग, राजा बलि की भक्ति, राजा हरिश्चन्द्र की सत्यनिष्ठा सहित भगवान श्रीराम के जन्म और विवाह की झांकियों के माध्यम से कथा का अत्यंत भावपूर्ण और रोचक वर्णन किया। कथा के प्रत्येक प्रसंग को उन्होंने जीवन से जोड़ते हुए धर्म, सत्य और प्रेम के महत्व को श्रोताओं के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
मंदिर समिति के अध्यक्ष शंकरलाल गुप्ता ने जानकारी दी कि यह श्रीमद्भागवत कथा 8 जुलाई से आरंभ होकर 14 जुलाई 2025 तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित की जा रही है। कथा का समापन 15 जुलाई को प्रातः 9 बजे भव्य हवन यज्ञ, पूर्णाहुति एवं भंडारे के साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन और व्यवस्था में श्रीनिवास मित्तल, ललित जैन, अरुण अग्रवाल, कृष्ण कासनिया, रवि जांगिड़, अजय जांगिड़, मनोहर कोचर, अशोक अग्रवाल, पुरुषोत्तम शर्मा, रतन मित्तल, गोवर्धन पारवानी, शुभम कासनिया सहित अनेक श्रद्धालुजन सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर कथा श्रवण करने का आग्रह किया गया है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































