-अगम सिंह बने सर्वश्रेष्ठ तैराक, छात्र-छात्राओं ने जीते कई स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक
हनुमानगढ़। ग्रामोत्थान विद्यापीठ स्कूल में आयोजित 30वीं जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में मदान इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया। प्रतियोगिता में स्कूल के 14 वर्षीय छात्र वर्ग ने चैंपियनशिप पर कब्जा जमाते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसी कड़ी में मदान इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा 9 के छात्र अगम सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रतियोगिता का जिले का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक एवं तैराकी कोच पतराम ने बताया कि अगम सिंह ने चार स्वर्ण पदक जीतकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने 50 मीटर फ्री स्टाइल, 100 मीटर फ्री स्टाइल और 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में स्वर्ण पदक प्राप्त किए। इसी प्रकार कक्षा 7 के अर्णव डेलु ने भी चार स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 50 मीटर बैक स्ट्रोक, 100 मीटर बैक स्ट्रोक, 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले और 4×100 मीटर रिले में प्रथम स्थान हासिल किया।
इसके अलावा कक्षा 5 के गीतांश ने 100 मीटर फ्री स्टाइल में रजत, 50 मीटर बैक स्ट्रोक में कांस्य पदक तथा 4×100 मीटर रिले में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। कक्षा 5 के तेजस करीर ने 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में रजत पदक जीता। वहीं कक्षा 4 के भूमित बेनीवाल ने 4×100 मीटर रिले में स्वर्ण, 200 मीटर फ्री स्टाइल में कांस्य और 100 मीटर बैक स्ट्रोक में रजत पदक अपने नाम किए। छात्रा वर्ग में कक्षा 6 की आदविका बिश्नोई ने 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में स्वर्ण और 200 मीटर फ्री स्टाइल में रजत पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय लौटने पर विजेता खिलाड़ियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय निदेशक सुनील मदान ने बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी कड़ी मेहनत कर और ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करता रहा है।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































