हनुमानगढ़। टाउन स्थित किरयाना भवन वाटिका में शनिवार को मनरेगा संग्राम के तहत एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूर, किसान, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं शहरवासी मौजूद रहे। जनसभा के दौरान युवा नेता यश चिलाना के नेतृत्व में नवनियुक्त कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर का जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया गया, जिससे माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण नजर आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि नरेगा को बचाना मतलब मजदूरों की आवाज और उनके अधिकारों को बचाना है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में यह साफ रहा है कि जिस भी सरकार ने मजदूर वर्ग का अपमान किया या उनके हक छीने, वह सरकार ज्यादा समय तक टिक नहीं पाई। वर्तमान समय में केंद्र सरकार का मनरेगा को लेकर जो रवैया है, वह बेहद चिंताजनक और मजदूर विरोधी है।
मक्कासर ने कहा कि मनरेगा एक ऐसा महत्वपूर्ण कानून है, जिसने ग्रामीण और शहरी गरीबों को सम्मान के साथ काम करने का अधिकार दिया। लेकिन आज इस योजना को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है। काम के दिन घटाए जा रहे हैं, भुगतान में देरी हो रही है और नियमों को इतना जटिल बना दिया गया है कि मजदूर परेशान हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा इस योजना को धीरे-धीरे समाप्त करने की है।
उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम पंचायतों की शक्तियां छीनी जा रही हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन प्रभावित हो रहा है। पंचायतें पहले अपने क्षेत्र की जरूरत के अनुसार काम तय करती थीं, लेकिन अब उनके अधिकार सीमित कर दिए गए हैं। मक्कासर ने स्पष्ट कहा कि मनरेगा संग्राम का मुख्य उद्देश्य मनरेगा योजना को पूरी मजबूती के साथ बहाल कराना और वीबी ग्रामजी जैसी व्यवस्थाओं को खत्म कराना है, जो मजदूरों के हितों के खिलाफ हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































