पीएनबी ने ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’ के तहत लगाया विशाल रक्तदान शिविर

125

-भ्रष्टाचार उन्मूलन हेतु पैदल मार्च भी निकाला गया, 51 यूनिट रक्त एकत्रित — मण्डल प्रमुख नीरज कुमार सिन्हा बोले, “रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म”
हनुमानगढ़। 
पंजाब नेशनल बैंक मण्डल कार्यालय, हनुमानगढ़ द्वारा सोमवार को “सतर्कता जागरूकता सप्ताह” के अवसर पर सामाजिक दायित्व और जनसेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए राजकीय जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 27 अक्तूबर से 2 नवम्बर 2025 तक मनाए जा रहे ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’ का हिस्सा है।
रक्तदान शिविर में बैंक कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 51 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। शिविर में उपस्थित रक्तदाताओं ने मानवता के इस महादान के महत्व को समझते हुए निःस्वार्थ भाव से रक्तदान किया।
मण्डल प्रमुख श्री नीरज कुमार सिन्हा ने कार्यक्रम में कहा कि “रक्तदान को महादान कहा गया है क्योंकि यह किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन देने का सबसे सरल और श्रेष्ठ तरीका है। रक्तदान न केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी है, बल्कि यह मानवता के मूल्यों को सशक्त करता है। इसके व्यक्तिगत स्वास्थ्य लाभ भी अनेक हैं।” उन्होंने आगे कहा कि यह देखकर हर्ष होता है कि समाज में आज भी दूसरों की मदद करने की भावना प्रबल है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा दल और जिला अस्पताल प्रशासन का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस शिविर को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने आश्वस्त किया कि पंजाब नेशनल बैंक भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन नियमित रूप से करता रहेगा।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी श्री शंकर सोनी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पीएनबी जैसी संस्थाएं यदि समाज सेवा के इस भाव से आगे आती हैं, तो यह पूरे समाज के लिए प्रेरणा बनता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे अभियान जीवन रक्षा की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
शिविर के साथ ही पीएनबी द्वारा भ्रष्टाचार उन्मूलन और उसके दुष्प्रभावों पर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक “पैदल मार्च” का भी आयोजन किया गया। इस मार्च में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेते हुए नागरिकों से भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और ईमानदारी को जीवन का मूलमंत्र बनाने की अपील की।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।