नाबालिग के अपहरण मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप, परिजन ने दी आंदोलन की चेतावनी

214

हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के अपहरण मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों व सामाजिक संगठनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपा है। परिजनों का कहना है कि घटना के एक माह बीत जाने के बाद भी न तो आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और न ही नाबालिग का सुराग लग पाया है। इसको लेकर परिजनों व सामाजिक संगठनों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, जंक्शन क्षेत्र की एक महिला द्वारा स्थानीय थाने में दिनांक 3 मई 2025 को मामला दर्ज कराया गया था कि उसकी नाबालिग बेटी को एक युवक बहला-फुसलाकर ले गया। प्राथमिकी संख्या 0309/03.05.2025 के तहत मामला दर्ज कर जांच का जिम्मा उप निरीक्षक को सौंपा गया था। लेकिन परिजनों का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
परिजनों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि जब भी वे मामले की प्रगति जानने के लिए संबंधित जांच अधिकारी से संपर्क करते हैं, तो उनकी सुनवाई नहीं की जाती, बल्कि उन्हें डांट-फटकार कर भगा दिया जाता है। इतना ही नहीं, आरोपी के परिजन मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है। संबंधित महिला ने यह भी कहा कि इस मामले को गंभीरता से न लेने पर उन्हें सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर 29 जून 2025 तक आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग को बरामद नहीं किया गया, तो 30 जून को भीम आर्मी व आज़ाद समाज पार्टी के साथ मिलकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मामले में अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। सामाजिक संगठनों ने भी पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए इस मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई न होने से आमजन का कानून व्यवस्था पर से विश्वास डगमगा जाता है। प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।