5 दिन बाद भी नाकाम पुलिस, विहिप-बजरंग दल ने बताया लव जिहाद का मामला, आंदोलन का अल्टीमेटम

233

हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र के वार्ड नं. 1, चक ज्वाला सिंह वाला से एक 22 वर्षीय युवती चम्पा रहस्यमय हालातों में लापता हो गई। यह घटना बीते बुधवार की है, लेकिन पांच दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस युवती का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। मामले ने अब गंभीर रूप धारण कर लिया है, क्योंकि विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने इसे लव जिहाद का मामला करार देते हुए पुलिस प्रशासन पर सख्त कार्रवाई का दबाव बनाया है।
परिजनों की ओर से दर्ज करवाई गई रिपोर्ट में बताया गया कि पिता मदनलाल पुत्र हीरालाल माली व उनकी पत्नी रोजाना की तरह खेत में काम करने गए थे। उनकी पुत्री चम्पा घर पर अकेली थी। सुबह करीब 11 बजे मां घर लौटी तो चम्पा घर से गायब थी। परिवारजन और ग्रामीणों ने आसपास व रिश्तेदारों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पिता मदनलाल ने टाउन थाना पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। लेकिन, घटना के पांच दिन बीतने के बावजूद पुलिस द्वारा नामजद संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी न करने से क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया है। रविवार को परिवार के सदस्यों ने विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं व परिवारजनों ने जिला अध्यक्ष निशांत बतरा के नेतृत्व में टाउन थाना के समक्ष धरना प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना स्थल पर विहिप-बजरंग दल के जिला संयोजक कुलदीप नरूका ने आरोप लगाया कि युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला युवक मुस्लिम समुदाय से है। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरी तरह से लव जिहाद का मामला है, जिसमें एक हिंदू बेटी को फंसाकर भटकाने की साजिश की गई है। नरूका ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने तुरंत सख्त कदम नहीं उठाए और लड़की को सुरक्षित घर नहीं पहुंचाया तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगा।
धरने के दौरान स्थिति बिगड़ते देख डीवाईएसपी मीनाक्षी मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। संगठन पदाधिकारियों ने डीवाईएसपी को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस को 12 घंटे का अंतिम अल्टीमेटम दिया जाता है। यदि सोमवार तक चम्पा अपने घर नहीं पहुंची तो शहरभर में चक्का जाम कर दिया जाएगा।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।