– पारीक कॉलोनी में अतिवृष्टि से मकान क्षतिग्रस्त, परिवार सड़क पर, प्रशासन से सहायता की गुहार
हनुमानगढ़। हाल ही में हनुमानगढ़ जिले में हुई भारी बारिश का असर अब भी कई क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। बुधवार को पारीक कॉलोनी वार्ड संख्या 26 के निवासी कालूराम पुत्र केशराराम ने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने अपने मकान के ध्वस्त होने की पीड़ा व्यक्त करते हुए प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई।
ज्ञापन सौंपते समय पार्षद प्रदीप ऐरी, जिला परिषद सदस्य मनीष मक्कासर सहित क्षेत्र के कई वार्डवासी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि नगर परिषद की लापरवाही के कारण क्षेत्र में नालियों की मरम्मत समय पर नहीं हुई, जिससे बारिश का पानी बस्तियों में घुस गया और कई गरीब परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
प्रार्थी कालूराम ने अपने आवेदन में बताया कि 30 अगस्त 2025 को क्षेत्र में तेज बारिश के चलते उसके घर के पास बनी नाली टूट गई और सड़क धंसने से बारिश व नाली का पानी सीधे उसके मकान की नींव में चला गया। परिणामस्वरूप मकान में गंभीर दरारें आ गईं और कुछ हिस्सा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। कालूराम के अनुसार उसने प्रशासन को तत्काल सूचना दी, लेकिन समय रहते कोई राहत नहीं मिली। कालूराम एक दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है और जीवनभर की कमाई से उसने यह छोटा-सा घर बनाया था। अब मकान रहने लायक नहीं बचा है और परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। उन्होंने बताया कि अगले महीने उनकी पुत्री की शादी भी तय है और ऐसे में मकान के नुकसान से वे पूरी तरह टूट चुके हैं।
ज्ञापन में कालूराम ने मांग की है कि नगर परिषद व प्रशासन की लापरवाही के कारण हुए नुकसान की भरपाई करते हुए अतिवृष्टि राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, जिससे वे अपने परिवार को फिर से छत दे सकें और बेटी की शादी का आयोजन कर सकें।
जनप्रतिनिधियों ने भी मांग की है कि पारीक कॉलोनी सहित पूरे शहर में जिन लोगों को अतिवृष्टि के कारण नुकसान हुआ है, उन्हें शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए। ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से आग्रह किया गया कि कालूराम जैसे जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस मौके पर देवकरण, अभिषेक, कमल, गौरव, राजेन्द्र, शारदा देवी, समीर व अन्य वार्डवासी मौजूद थे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































