नई सब्जी मंडी में शिफ्टिंग की मांग को लेकर पोस्टकार्ड अभियान शुरू

64

– किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम लिखे सैकड़ों पोस्टकार्ड
हनुमानगढ़। अबोहर बाईपास स्थित नवनिर्मित सब्जी मंडी में शीघ्र आवंटन और वर्तमान मंडी को वहां शिफ्ट करने की मांग को लेकर गुरुवार से किसानों द्वारा पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के पहले दिन बड़ी संख्या में किसानों और आढ़तियों ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम पोस्टकार्ड लिखकर अपनी मांगों से अवगत कराया।
किसानों का कहना है कि अबोहर बाईपास पर करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित नई सब्जी मंडी वर्षों से तैयार खड़ी है, लेकिन अब तक उसका विधिवत आवंटन नहीं किया गया। मंडी परिसर में चारदीवारी, पक्की सड़कें, बैंक भवन, किसान भवन, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद व्यापार शुरू नहीं हो पा रहा है। लंबे समय से खाली पड़े रहने के कारण भवनों को नुकसान पहुंचने लगा है और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां भी बढ़ रही हैं।
वर्तमान में शहर के बीच संचालित सब्जी मंडी में स्थान की भारी कमी है। सुबह के समय किसानों, व्यापारियों और वाहनों की भीड़ के कारण जाम की स्थिति बन जाती है। किसानों ने बताया कि तंग गलियों और सीमित स्थान के कारण माल उतारने और चढ़ाने में दिक्कत आती है, जिससे समय और श्रम दोनों की हानि होती है। कई बार अव्यवस्था के चलते विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
पोस्टकार्ड अभियान के माध्यम से किसानों ने मांग की है कि सरकार शीघ्र निर्णय लेकर नई मंडी में भूखंडों का आवंटन करे और वर्तमान मंडी को वहां स्थानांतरित किया जाए, ताकि व्यवस्थित वातावरण में व्यापार हो सके। अभियान में शामिल किसानों ने कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।