अवैध बस संचालन के खिलाफ लोक परिवहन यूनियन का धरना

116

-अनधिकृत मार्ग पर बस चलाने से आर्थिक नुकसान, कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़-सूरतगढ़ लोक परिवहन बस ऑपरेटर यूनियन ने गुरुवार को जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर अवैध बस संचालन पर सख्त रोक लगाने की मांग की। यूनियन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ बसें बिना निर्धारित रूट के राष्ट्रीयकृत मार्गों पर अवैध रूप से संचालन कर रही हैं, जिससे परमिटधारी बस ऑपरेटरों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।
धरने का नेतृत्व कर रहे यूनियन अध्यक्ष मनोज कड़वा और उपाध्यक्ष राजीव वधवा ने बताया कि हनुमानगढ़ से सूरतगढ़ मार्ग पर यूनियन के सदस्य नियमित परमिट के तहत बसें संचालित करते हैं, लेकिन एक बस – RJ-13 PA-9422 – का परमिट केवल ग्रामीण मार्गों के लिए है। यह बस सूरतगढ़ से मानकसर, 28 पीबीएन, प्रेमपुरा होते हुए पीलीबंगा तक जाने के लिए स्वीकृत है, लेकिन इसका संचालन राष्ट्रीयकृत मार्ग पर सूरतगढ़, अमरपुरा, पीलीबंगा, मसरूवाला, कमाना होते हुए हनुमानगढ़ तक किया जा रहा है, जो पूरी तरह से नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने बताया कि इस अवैध संचालन के कारण यूनियन की बसों को आर्थिक रूप से नुकसान हो रहा है। साथ ही आरोप लगाया कि उक्त बस स्वामी कुछ गुंडा प्रवृत्ति के लोगों के साथ चलता है, जो विरोध करने पर झगड़ा करते हैं और माहौल को तनावपूर्ण बनाते हैं। यूनियन का कहना है कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्हें अपने वाहन परिवहन कार्यालय में खड़े करने पर मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह परिवहन विभाग की होगी। बस ऑपरेटरों ने चेतावनी दी कि यदि बस नंबर RJ-13 PA-9422 को उसके निर्धारित ग्रामीण रूट तक सीमित नहीं किया गया, तो यूनियन आगामी दिनों में उग्र आंदोलन के लिए विवश होगी। यूनियन ने जिला परिवहन अधिकारी से मांग की कि तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त बस को निर्धारित रूट पर चलाने के आदेश जारी किए जाएं, ताकि परिवहन व्यवस्था में अनुशासन बना रहे और वैध परमिटधारी ऑपरेटरों के हितों की रक्षा हो सके। धरने पर लोक परिवहन युनियन के अध्यक्ष मनोज कड़वा, उपाध्यक्ष राजीव वधवा, सचिव सादुल बुडानिया, राजेन्द्र ढाका, मनीराम सहारण, जोनी चावला, संतवीर चहल, मान सिंह मान, सुरजीत सिंह मान, कुलदीप सिंह, गुरवीर सिंह सरां यूनियन के कई सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने एक स्वर में कहा कि यदि विभाग ने जल्द समाधान नहीं किया, तो यह आंदोलन और तेज होगा।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।