पंजाब नेशनल बैंक का मंडल स्तरीय खेल महोत्सव शुरू

113

-एसकेडी विश्वविद्यालय खेल मैदान में खिलाड़ियों ने दिखाया जोश, पहले दिन क्रिकेट मुकाबले संपन्न
हनुमानगढ़। पंजाब नेशनल बैंक द्वारा आयोजित मंडल स्तरीय दो दिवसीय खेल महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को एसकेडी विश्वविद्यालय के खेल मैदान में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी, कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बैंक कर्मियों को नियमित बैंकिंग कार्यों के तनाव से राहत दिलाना और आपसी समन्वय व टीम भावना को मजबूत करना रहा।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सर्किल हैड नीरज कुमार सिन्हा थे। विशिष्ट अतिथियों में एसकेडी विश्वविद्यालय के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा, खेल प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक प्रवीण कुमार तथा डिप्टी सर्किल हैड सुधीर साहू शामिल रहे। अतिथियों का आयोजकों द्वारा स्वागत किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रथम बॉल खेलकर खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि सर्किल हैड नीरज कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि बैंकिंग जैसे जिम्मेदारीपूर्ण और समयबद्ध कार्यों में तनाव होना स्वाभाविक है। ऐसे में खेल गतिविधियां न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, बल्कि मानसिक स्फूर्ति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को तनावमुक्त रखना, आपसी सौहार्द बढ़ाना और कार्यक्षमता में सुधार लाना है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को खेल की भावना से खेलने और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।