हनुमानगढ़ में बारिश से पक्के मकानों को नुकसान, कई परिवार बेघर

115

-विधायक गणेशराज बंसल ने मौके पर पहुंचकर दिलाया राहत का भरोसा
हनुमानगढ़। टाउन की पारीक कॉलोनी में शुक्रवार रात्रि को हुई भारी बारिश ने कई परिवारों के जीवन को हिला कर रख दिया। देर रात हुई बारिश के कारण कॉलोनी में बने कई पक्के मकानों में दरारें पड़ गईं। कई मकानों की दीवारें और लेंटरों के बीच रिक्त स्थान आ जाने से उनके गिरने का खतरा मंडराने लगा। स्थिति को देखते हुए कॉलोनीवासी भयभीत हो उठे। इस दौरान सूचना मिलते ही पार्षद प्रमोद सोनी मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित घरों से बाहर निकालकर अस्थायी निवास की व्यवस्था करवाई। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
शनिवार सुबह करीब 7 बजे विधायक गणेशराज बंसल और नगरपरिषद के निवर्तमान सभापति सुमित रणवां घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों की सुध ली। विधायक बंसल ने मौके पर मौजूद लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार और प्रशासन हर संभव मदद करेगा। उन्होंने तत्काल जिला कलक्टर, नगरपरिषद प्रशासक, उपखण्ड अधिकारी और नगरपरिषद आयुक्त को सूचना दी और प्रभावित परिवारों को अतिवृष्टि मुआवजा दिलवाने के निर्देश दिए। विधायक के निर्देश के बाद एसडीएम कार्यालय और नगरपरिषद की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त मकानों का मौका मुआयना किया।
नगरपरिषद प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए साथ लगे मकानों के समीप मिट्टी भराई का कार्य शुरू करवाया, ताकि और नुकसान से बचा जा सके। विधायक बंसल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक नागरिक उनका परिवार है और संकट की घड़ी में वह हर किसी के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित परिवारों को न केवल मुआवजा दिलवाया जाएगा, बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भी लाभ दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर पार्षद भंवरलाल, मुकेश भार्गव, परविन्द्र वधवा सहित वार्ड के कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे। आमजन ने विधायक और प्रशासन का मौके पर पहुंचने और तुरंत राहत व्यवस्था शुरू करने पर आभार व्यक्त किया। प्रभावित लोगों ने बताया कि देर रात को जिस तरह से पार्षद और बाद में विधायक ने परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, उससे बड़ा हादसा टल गया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।