हनुमानगढ़। विशाखापटनम के मेडटैक ज़ोन में आयोजित तीसरी नेशनल पैरा कबड्डी चैंपियनशिप में राजस्थान टीम ने इतिहास रचते हुए फ़ाइनल मुकाबले में हिमाचल प्रदेश को 43–32 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। पूरे टूर्नामेंट में अपराजेय रहते हुए राजस्थान ने लगातार सात मुकाबले जीतकर पहली बार नेशनल स्तर पर गोल्ड मेडल हासिल किया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर की 20 राज्यों की टीमों ने भाग लिया, जिससे टूर्नामेंट का स्तर और प्रतिस्पर्धा बेहद ऊँचा रहा। लीग चरण से लेकर नॉकआउट मुकाबलों तक राजस्थान ने हर मैच में दमदार खेल दिखाते हुए एक भी हार दर्ज नहीं की।
लीग मुकाबलों में राजस्थान ने झारखंड को 22–2, तमिलनाडु को 54–13, मध्य प्रदेश को 70–18 और पंजाब को 54–13 से हराकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए थे। इसके बाद क्वार्टरफ़ाइनल में महाराष्ट्र को 74–69 से मात दी, सेमीफ़ाइनल में हरियाणा को 32–13 से हराया और फ़ाइनल में हिमाचल प्रदेश को 43–32 से पराजित कर खिताब पर कब्ज़ा जमाया।
राजस्थान टीम के इंचार्ज अर्जुना अवार्डी जगसीर सिंह ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए बताया कि टीम ने पिछले वर्ष दूसरी नेशनल पैरा कबड्डी चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था और इस बार स्वर्ण पदक जीतकर शानदार वापसी की है। इस नेशनल में राजस्थान के मनीष को बेस्ट रेडर का अवार्ड और चेतराम को बेस्ट कैचर का अवार्ड दिया गया
राजस्थान पैरा कबड्डी संघ के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता और सचिव संदीप कौर ने टीम की इस जीत पर प्रसन्नता जताते हुए खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को शुभकामनाएं दीं।
टीम का पंद्रह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर कोच सुनील कुमार सामरिया के नेतृत्व में अम्बेडकर भवन, हनुमानगढ़ में आयोजित किया गया था। इस शिविर के आयोजन में राही सोशल वेलफेयर सोसायटी और जनसहयोग का विशेष सहयोग रहा। राही सोशल वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष योगेश कुमावत ने बताया कि खिलाड़ियों की तैयारी में समाजसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों की अहम भूमिका रही। अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी विक्रम सिंह मान खिलाड़ी का भी विशेष सहयोग रहा
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राजस्थान टीम को एडवोकेट शंकर सोनी (संस्थापक) द्वारा शहीद स्मारक से रवाना किया गया था, जिससे खिलाड़ियों में देशभक्ति का जज़्बा और जीत का आत्मविश्वास देखने को मिला।
एथन स्पोर्ट्स वियर के संस्थापक रवि बंसल द्वारा पिछले दो वर्षों से खिलाड़ियों को ट्रैक सूट वितरित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही खिलाड़ियों की बेहतर तैयारी के लिए खेल किट भी उपलब्ध कराई गई, जिससे टीम का मनोबल और मजबूत हुआ।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे राजस्थान में जश्न का माहौल है। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































