-जोश-उत्साह के साथ सम्पन्न हुए चयन ट्रायल्स
हनुमानगढ़। प्रदेश के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए आयोजित राजस्थान क्रिकेट टूर्नामेंट के ट्रायल्स जंक्शन स्थित जयपुर क्रिकेट एकेडमी में बड़े ही जोश, अनुशासन और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुए। इस आयोजन ने न केवल नवोदित प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच दिया, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों में भी खेल के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया। सुबह से ही मैदान पर खिलाड़ियों की चहल-पहल और अभ्यास सत्रों की गूंज सुनाई देती रही।
टूर्नामेंट के आयोजक पंकज शर्मा एवं योगेश टाक ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रायल्स के दौरान जिले से लगभग 215 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इन खिलाड़ियों का चयन अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19 एवं ओपन एज कैटेगरी में किया गया। सभी आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपनी-अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) एवं बीसीसीआई से जुड़े अनुभवी कोचों और चयनकर्ताओं की विशेष मौजूदगी रही।
आयोजकों ने बताया कि ट्रायल्स में चयनित खिलाड़ी जयपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में अपने-अपने जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता जयपुर के प्रतिष्ठित एसएमएस स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इसमें हनुमानगढ़, जोधपुर, कोटा, उदयपुर, बीकानेर, भीलवाड़ा, अजमेर, भरतपुर, सीकर और झुंझुनूं सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें भाग लेंगी। चयनित खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता अपने खेल कौशल को निखारने और बड़े स्तर पर पहचान बनाने का सुनहरा अवसर होगी। ट्रायल्स में भाग लेने आए कई खिलाड़ियों ने आयोजन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस प्रकार के अवसर ग्रामीण एवं शहरी प्रतिभाओं को समान मंच प्रदान करते हैं। खेलप्रेमी जगतपाल सिंह ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों से जोड़ती हैं और उन्हें नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने में सहायक सिद्ध होती हैं। इस सफल आयोजन में अमन शर्मा, मदन कोच, सुरेन्द्र सिंह एवं विकास स्वामी का विशेष सहयोग रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































