राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन का धरना चौथे दिन समाप्त, प्रशासन से बनी सहमति

108

हनुमानगढ़। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय के समक्ष चल रहा धरना प्रदर्शन चौथे दिन प्रशासन से सकारात्मक वार्ता के बाद समाप्त हो गया। जंक्शन स्थित सीएमएचओ कार्यालय के बाहर जारी आंदोलन के दौरान नर्सिंग कार्मिक अपनी मांगों पर अड़े हुए थे। चौथे दिन एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की सीएमएचओ से वार्ता हुई, जिसमें प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की गई।
धरने का नेतृत्व कर रहे एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गुगनराम सहारण ने बताया कि 22 दिसंबर 2025 को जारी कार्यव्यवस्था आदेश को लेकर नर्सिंग स्टाफ में गहरा असंतोष था। इसी आदेश के विरोध में संगठन ने शांतिपूर्ण धरना शुरू किया था। चौथे दिन हुई वार्ता में प्रशासन ने संगठन की आपत्तियों को गंभीरता से सुना और विवादित आदेश को रद्द करने पर सहमति दी। आदेश रद्द होने के बाद नर्सिंग कार्मिकों ने राहत की सांस ली।
वार्ता के दौरान एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे पर भी स्पष्ट सहमति बनी। एसोसिएशन की मांग के अनुरूप यह तय किया गया कि एनसीडी क्लिनिक के पोर्टल पर निदान एवं उपचार संबंधी कार्य मेडिकल ऑफिसर (एमओ) द्वारा ही किए जाएंगे। इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश लागू करने पर भी सहमति बनी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का भ्रम या मनमानी न हो। संगठन का कहना था कि कार्य विभाजन स्पष्ट होने से नर्सिंग स्टाफ और चिकित्सा अधिकारियों के बीच समन्वय बेहतर होगा और मरीजों को भी सुचारू सेवाएं मिलेंगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।