बकाया भुगतान नहीं मिलने पर राशन डीलरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

63

-सितंबर 2025 से लंबित राशि जारी होने तक रहेगा वितरण बंद, जिला रसद अधिकारी को दी सूचना
हनुमानगढ़।
 जिलेभर के राशन डीलरों की बैठक टाउन क्षेत्र में आयोजित हुई, जिसमें पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी डीलरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा कर दी। बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला रसद अधिकारी से वार्ता कर उन्हें लिखित रूप से अवगत कराया कि सितंबर 2025 से लंबित भुगतान जारी होने तक राशन वितरण कार्य स्थगित रहेगा।
ज्ञापन में यूनियन संयोजक राजकुमार छाबड़ा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा कमीशन समय पर नहीं किए जाने के कारण राशन डीलरों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि सितंबर 2025 से आज दिन तक का बकाया भुगतान नहीं हुआ है, जिससे डीलरों के लिए परिवार का भरण-पोषण करना भी कठिन हो गया है। मजबूरन हड़ताल का निर्णय लेना पड़ा है।
छाबड़ा ने कहा कि राशन डिपो संचालित करने में किराया, बिजली-पानी, कर्मचारियों का वेतन तथा अन्य प्रशासनिक खर्च नियमित रूप से वहन करने पड़ते हैं। लंबे समय से भुगतान अटका होने के कारण इन खर्चों को उठाना संभव नहीं रह गया है। उन्होंने बताया कि कई डीलर आर्थिक दबाव में कर्ज लेने को विवश हैं।
यूनियन पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि आमजन तक राशन नहीं पहुंचा पाना उन्हें भी खेदजनक लग रहा है, लेकिन इसके लिए सरकारी प्रणाली की ढिलाई जिम्मेदार है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र समाधान निकालने की मांग की, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली सुचारु रूप से चल सके और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में मौजूद डीलरों ने एक स्वर में कहा कि जब तक बकाया भुगतान जारी नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल जिले में राशन वितरण ठप होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।