सेंट्रल जेल हनुमानगढ़ में रेड क्रॉस सोसाइटी ने मनाया लोहड़ी महोत्सव

95

-50 बंदियों को बांटे कंबल, मानवता का दिया संदेश
हनुमानगढ़। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी हनुमानगढ़ द्वारा इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के स्टेट चेयरमेन श्री राजेश बिड़ला, जिला कलक्टर खुशाल यादव के निर्देशानुसार जंक्शन स्थित सेंट्रल जेल परिसर में लोहड़ी महोत्सव का आयोजन सेवा, संवेदना और मानवता के भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों के जीवन में सकारात्मकता, उत्साह और सामाजिक सरोकारों की भावना का संचार करना रहा।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईजी गिरीश चावला, एसकेडी विश्वविद्यालय के संस्थापक बाबुलाल जुनेजा, जेल अधीक्षक योगेन्द्र तेजी, तहसीलदार सूर्य स्वामी एवं तहसीलदार अंकित माहेश्वरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रेड क्रॉस सोसाइटी हनुमानगढ़ के सचिव रामनिवास मांडण ने की।
कार्यक्रम के दौरान लोहड़ी पर्व की परंपरागत भावना को जीवंत करते हुए बंदियों के साथ उत्सव मनाया गया। इस मौके पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के स्टेट चेयरमेन राजेश बिड़ला के निर्देशानुसार 50 जरूरतमंद बंदियों को कंबल वितरित किए गए। कंबल वितरण के दौरान अतिथियों ने कहा कि समाज के हर वर्ग के प्रति संवेदना रखना ही सच्ची मानव सेवा है और रेड क्रॉस सोसाइटी इसी भावना के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईजी गिरीश चावला ने अपने संबोधन में कहा कि पर्व और त्योहार केवल खुशियां मनाने का माध्यम नहीं होते, बल्कि ये एक-दूसरे के दुख-दर्द को समझने और सहयोग करने का संदेश भी देते हैं। जेल में बंद लोग भी समाज का ही हिस्सा हैं और उनके साथ सहानुभूति व सम्मान का व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
जेल अधीक्षक योगेन्द्र तेजी ने रेड क्रॉस सोसाइटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से बंदियों के मनोबल में वृद्धि होती है और उनमें सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने कहा कि समाजसेवी संस्थाओं का सहयोग सुधारात्मक वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
रेड क्रॉस सोसाइटी हनुमानगढ़ के सचिव रामनिवास मांडण ने बताया कि संस्था द्वारा समय-समय पर जेलों, अस्पतालों और जरूरतमंद वर्गों के लिए सेवा कार्य किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि स्टेट चेयरमेन राजेश बिड़ला के मार्गदर्शन में रेड क्रॉस सोसाइटी सेवा के नए आयाम स्थापित कर रही है।
कार्यक्रम में जेलर अमर सिंह भाटी, दुर्गादत्त सैनी, पदमसिंह राठौड़, इन्द्र सिंह राठौड़, रमेश छाबड़ा, अनिल कौशिक, भारतेन्दु सैनी, अजित सैनी सहित रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी, जेल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।