– 24–25 दिसम्बर को बीकानेर में होगी शूटिंग वॉलीबॉल प्रतियोगिता
हनुमानगढ़। जाट भवन हनुमानगढ़ में जाट समाज समिति हनुमानगढ़ द्वारा महाराजा सूरजमल के 262वें बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली शूटिंग वॉलीबॉल प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन किया गया। यह प्रतियोगिता बीकानेर खेल समिति जाट छात्रावास, बीकानेर में 24 और 25 दिसम्बर को आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से टीमें प्रतिभाग करेंगी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जाट समाज समिति हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष इन्द्रपाल रणवां, जाट भवन हनुमानगढ़ के अध्यक्ष अनिल थोरी सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे। पोस्टर विमोचन समारोह के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने महाराजा सूरजमल के अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रहित में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।
जाट समाज समिति हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष इन्द्रपाल रणवां ने कहा कि महाराजा सूरजमल का बलिदान दिवस समाज को एकता, साहस और त्याग की प्रेरणा देता है। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है, इसलिए ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देना समाज के उत्थान के लिए आवश्यक है। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और उन्हें खेलों की ओर प्रोत्साहित करना है।
अध्यक्ष अनिल थोरी ने कहा कि जाट समाज की युवाशक्ति का सही दिशा में मार्गदर्शन करना उनकी प्राथमिकता है। बीकानेर में होने वाली शूटिंग वॉलीबॉल प्रतियोगिता समाज में खेल भावना को मजबूत करेगी और युवा खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगी।
पोस्टर विमोचन के दौरान दिनेश पिलानिया, कपिल सहारण, रवि चोटिया, विनोद भांभू, अजय चौधरी, अमरजीत सहारण, परसाराम भांभू, विजय भांभू, महादेव सियाग, दयाराम डोटासरा, अनिल गोदारा, सुरेन्द्र जाखड़, जगदीश गोदारा, अनिल बेरवाल सहित समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































