गुरुद्वारा शहीद बाबा विचित्र सिंह जी में पूर्णमासी पर हुआ धार्मिक समागम

201

लड़ीवार पाठों के भोग, खुले दीवान और संगत ने लिया अमृतमय कीर्तन का आनंद
हनुमानगढ़। शहर के वार्ड 58 स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा विचित्र सिंह जी में पूर्णमासी के उपलक्ष में रविवार को भव्य धार्मिक समागम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लड़ीवार पाठों के भोग डाले गए और खुले दीवान सजाए गए, जिनमें आसपास के गांवों से आई संगत ने बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।
समागम में पक्कासहारणा, पक्काभादवा, सतीपुरा, गाहडू, मक्कसर सहित नजदीक के सभी गांवों से श्रद्धालु संगत बड़ी संख्या में पहुंचे। सुबह से ही गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और वातावरण गुरु की बाणी और शब्द-कीर्तन से गूंज उठा।
रागी जत्थों ने गुरु के यश का बखान करते हुए संगत को भाव-विभोर कर दिया। गुरचरण सिंह और सुखवीर सिंह के रागी जत्थे ने मधुर कीर्तन प्रस्तुत किए, जबकि प्रसिद्ध कथावाचक ज्ञानी हरपाल सिंह चोहिलावाली और निर्मल सिंह ने गुरु की शिक्षाओं और सिख इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगत को जीवन में गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
मुख्य सेवादार निर्मल सिंह ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य संगत को गुरु की बाणी से जोड़ना और समाज में भाईचारे तथा सेवा भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे समागम न केवल आत्मिक शांति प्रदान करते हैं बल्कि समाज को एकजुट करने का भी कार्य करते हैं। कार्यक्रम के अंत में पंजाब में आई बाढ़ को देखते हुए सभी के सुरक्षित रहने की अरदास की।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए लंगर का विशेष प्रबंध किया गया। संगत ने गुरुद्वारे में माथा टेकने के बाद गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में सेवादारों की टीम ने दिन-रात मेहनत की।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।