रिंग ग्रुप राजस्थान ने निकाली विशाल तिरंगा रैली, देशभक्ति के रंग में रंगा हनुमानगढ़

96

-शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरू की झांकी बनी आकर्षण, युवाओं में जागी राष्ट्रभक्ति की भावना
हनुमानगढ़। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर रिंग ग्रुप राजस्थान की ओर से हनुमानगढ़ शहर में विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में लहराते तिरंगे, देशभक्ति नारों और जोश से भरे युवाओं ने पूरे शहर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। रैली को देखते ही आमजन में भी देश के प्रति जज्बा और गर्व की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। तिरंगा रैली को निवर्तमान सभापति सुमित रणवा, प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारिक, युवा नेता लक्की बंसल एवं क्लब संस्थापक प्रशांत सोनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई निकाली गई, जहां जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।
रैली में सबसे आगे चल रही जीप पर अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरू की भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शहीदों की यह झांकी युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों की याद दिलाती नजर आई। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच यह झांकी रैली की शोभा को और बढ़ा रही थी।
इस अवसर पर रिंग ग्रुप राजस्थान के संस्थापक प्रशांत सोनी ने कहा कि उनका क्लब शहीद भगत सिंह की विचारधारा के साथ चलता है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी किसी भीख में नहीं मिली, बल्कि यह हमारे वीर शहीदों के खून, मेहनत और संघर्ष का परिणाम है। युवाओं में इस सच्चाई के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से ही यह तिरंगा रैली आयोजित की गई है। उन्होंने आगे कहा कि आज की पीढ़ी के लिए भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू जैसे क्रांतिकारी सच्चे प्रेरणा स्रोत हैं। इनके आदर्शों को अपनाकर ही देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।