बरसात में ढही 16 करोड़ की सड़क, ग्रामीणों में उबाल

177

– डेढ़ साल में बर्बाद हुई 20 साल की उम्र वाली सड़क, भ्रष्टाचार के खिलाफ फूटा गुस्सा
हनुमानगढ़। 
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क बरसात की पहली मार भी नहीं सह पाई। डेढ़ वर्ष पूर्व निर्मित यह सड़क हाल ही में हुई बारिश के चलते गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे न केवल आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है बल्कि दुर्घटनाओं का भी खतरा बढ़ गया है। सड़क के नीचे की मिट्टी बह जाने से कई स्थानों पर सड़क धंस गई, जिससे सोमवार रात एक बाइक सवार युवक घायल हो गया।
गांव हिरणावाली के ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि जिस सड़क के निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे, वह महज डेढ़ साल में ही टूट गई। ग्रामीण राजेश धेतरवाल ने बताया कि यह सड़क 20 वर्षों तक टिकाऊ रहने का दावा किया गया था, लेकिन यह डेढ़ साल भी नहीं टिकी। उन्होंने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही को इसका मुख्य कारण बताया।
ग्रामीणों ने गांव में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि जब तक दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक गांव में आंदोलन जारी रहेगा।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।