हनुमानगढ़ । चक 3 यूटीएस गांव के निवासियों ने जिला परिवहन अधिकारी से गुहार लगाई है कि उनके गांव के स्थाई बस अड्डे पर राजस्थान रोडवेज एवं लोक परिवहन की बसें नियमित रूप से नहीं रुक रही हैं, जिससे ग्रामीणों विशेषकर विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने भाजपा नेता संदीप गोदारा के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में बताया कि ड्राइवरों की हठधर्मिता और लापरवाही के चलते बसें अड्डे पर नहीं रुकतीं। जब ग्रामीण बस रोकने की बात करते हैं तो ड्राइवर यह कहकर टाल देते हैं कि उनके पास रुकने का समय नहीं है। इतना ही नहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ ड्राइवर यह तक कह देते हैं कि हमारी बसों के ब्रेक ठीक नहीं हैं, और अगर जबरन बस रोकने की कोशिश की गई तो वे किसी को कुचल कर निकल जाएंगे। इस तरह की धमकियों से ग्रामीण भयभीत हैं और खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
गांव चक 3 यूटीएस की जनसंख्या लगभग 600 है, और यहां से रोजाना 30 से 40 बच्चे पास के सरकारी स्कूलों में पढ़ने के लिए बस पर निर्भर रहते हैं। लेकिन बसें न रुकने के कारण कई बार बच्चों को स्कूल जाने का मौका नहीं मिल पाता, जिससे उनकी शिक्षा पर बुरा असर पड़ रहा है। कई बार तो बच्चों को स्कूल न जाकर वापस घर लौटना पड़ता है। इस असुविधा के चलते अभिभावक भी बेहद चिंतित हैं।
ग्रामीण रामनारायण व अन्य निवासियों ने जिला परिवहन अधिकारी को लिखित ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि चक 3 यूटीएस के स्थाई बस अड्डे पर रोडवेज एवं लोक परिवहन की सभी बसों को नियमित रूप से रोका जाए, ताकि बच्चों को शिक्षा व ग्रामीणों को यात्रा की सुविधा सहज रूप से मिल सके। ग्रामीणों ने यह भी चेताया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए विवश होंगे।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































