-जनता सहीत निगम हित मे लगातार सधर्ष रहेगा जारी :- भूरा सिह
हनुमानगढ़। राजस्थान रोडवेज संयुक्त संघर्ष समिति हनुमानगढ़ आगार की ओर से मंगलवार को मुख्य प्रबंधक के माध्यम से निगम मुख्यालय जयपुर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन भारतीय मजदूर संघ, एटक, रिटायर्ड कर्मचारी संगठनों की संयुक्त पहल पर तैयार किया गया। संघर्ष समिति ने निगम प्रशासन द्वारा लगातार जनता को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के प्रयासों की सराहना की, साथ ही हनुमानगढ़ आगार से जुड़े कर्मचारी हित और बुनियादी समस्याओं पर ध्यान आकर्षित कराया।
समिति ने बताया कि 29 अगस्त को हनुमानगढ़ आगार से जुड़े कुछ संगठनों द्वारा दिए गए ज्ञापन में एक परिचालक पर गलत आरोप लगाए गए थे। संघर्ष समिति ने इस मुद्दे का विरोध करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी कर्मचारी को व्यक्तिगत स्तर पर निशाना बनाने का वे समर्थन नहीं करते। हालांकि, कर्मचारियों से जुड़ी अन्य मांगों का समिति ने पूर्ण समर्थन जताया।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें शामिल की गईं। इनमें सभी कर्मचारियों के 9-18-27 चयनित वेतनमान लागू करने व संशोधन करने, हनुमानगढ़ आगार की जर्जर हो चुकी इमारत का पुनर्निर्माण, हनुमानगढ़ बस स्टैंड को आगार परिसर में स्थापित करने और कार्यशाला में पुरुष कर्मचारियों हेतु बाथरूम का निर्माण करवाने जैसी मांगें शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त कर्मचारियों की भारी कमी को देखते हुए सिविल डिफेंस से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने, मंत्रालयिक कर्मचारियों की तर्ज पर अन्य कर्मचारियों को 300 अप्रत्याशित अवकाश देने और मंत्रालयिक कर्मचारियों की कमी को तत्काल पूरा करने की मांग भी रखी गई। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि एजेंसी के माध्यम से लगे चालकों पर टायर कटने, शीशा टूटने, डीजल एवरेज कम आने जैसे मामलों में अनुचित कटौती नहीं की जानी चाहिए।
संघर्ष समिति ने दो टूक कहा कि वह निगम हित और कर्मचारी हितों के साथ-साथ जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। समिति ने निगम प्रशासन से अपेक्षा जताई कि हनुमानगढ़ आगार से जुड़ी इन वास्तविक समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, जिससे कर्मचारी वर्ग और आम जनता दोनों को राहत मिल सके।
ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































