– यात्रियों को लगाए गए रेडियम, उपलब्ध कराया गया शुद्ध पेयजल
हनुमानगढ़। सालासर धाम की ओर पैदल जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी यात्रा को सहज बनाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब हनुमानगढ़ विजन ने सराहनीय पहल की है। क्लब द्वारा गुरुवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित कर यात्रियों को सुरक्षा के मद्देनजर रेडियम पट्टियां लगाई गईं, जिससे वे रात के समय सड़क पर आसानी से नजर आ सकें।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीलम चौधरी एवं आईसीसी अश्वनी गर्ग ‘आशु’ रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रोटरी क्लब हनुमानगढ़ विजन के अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने की। अतिथियों ने क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाते हैं, बल्कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
क्लब सदस्यों ने बताया कि सालासर पदयात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु प्रतिवर्ष पैदल यात्रा करते हैं। लंबे मार्ग में दिन के समय भीषण गर्मी और रात के अंधेरे में सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में यात्रियों को रेडियम पट्टियां लगाने से उनकी पहचान वाहन चालकों को आसानी से हो जाएगी और हादसों की आशंका कम होगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए क्लब द्वारा शुद्ध पेयजल की भी व्यवस्था की गई। क्लब सदस्यों ने पैदल यात्रियों को रुकवाकर उन्हें ठंडा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया, जिससे वे अपनी यात्रा को सहज रूप से जारी रख सकें।
इस अवसर पर क्लब सचिव कुणाल गोयल एवं कोषाध्यक्ष मिताली अग्रवाल ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि रोटरी क्लब आगे भी समय-समय पर ऐसे सामाजिक कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सेवा करना वास्तव में पुण्य का कार्य है और क्लब हमेशा समाजहित में तत्पर रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































