हनुमानगढ़। राजस्थान विधानसभा के बजट में विधायक गुरवीर सिंह बराड़ के प्रयासों से भाखड़ा परियोजना से जुड़े काश्तकारों को बड़ी सौगात मिली है। बजट में भाखड़ा परियोजना की सादुल ब्रांच की रिलाइनिंग के लिए 225 करोड़ रुपये तथा करणी ब्रांच की रिलाइनिंग के लिए 80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
भाखड़ा परियोजना के प्रोजेक्ट चेयरमैन मनप्रीत सिंह ने इसे काश्तकारों के लिए जीवनदायिनी घोषणा बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से नहरों की जर्जर स्थिति के कारण पानी की भारी क्षति हो रही थी, जिससे किसानों को सिंचाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। रिलाइनिंग कार्य पूरा होने के बाद पानी की बर्बादी रुकेगी और टेल तक पानी की बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं विधायक गुरवीर सिंह बराड़ का आभार व्यक्त किया।
ज्ञात रहे कि पूर्व में आयोजित रेगुलेशन बैठक में सदस्यों द्वारा विधायक गुरवीर सिंह बराड़ को दोनों नहरों की खराब स्थिति से अवगत कराया गया था। बैठक में किसानों को हो रहे बड़े नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। विधायक बराड़ ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा में मजबूती से पक्ष रखा, जिसके परिणामस्वरूप बजट में यह महत्वपूर्ण राशि स्वीकृत हुई।
किसानों ने बजट घोषणा का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि शीघ्र ही कार्य प्रारंभ होगा और क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था मजबूत बनेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































