सालासर पैदल यात्रियों की सुरक्षा हेतु लॉयन्स क्लब का पहल

203

-रिफलेक्टर और शुद्ध पेयजल वितरण से जताई सामाजिक जिम्मेदारी
हनुमानगढ़। लॉयन्स क्लब हनुमानगढ़ सिटी ने सामाजिक सरोकार को आगे बढ़ाते हुए सालासर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष पहल की। क्लब ने यातायात पुलिस के सहयोग से यात्रियों के बैग और पीठ पर रिफलेक्टर लगाए ताकि रात के समय सड़क पर चलते हुए वाहन चालक उन्हें आसानी से देख सकें और किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। इसके साथ ही यात्रियों को स्वच्छ और ठंडा फिल्टर पानी भी उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्हें यात्रा के दौरान राहत मिल सके।
लॉयन्स क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि सालासर धाम की ओर जाने वाले पैदल यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस दौरान सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों ही सबसे बड़ी प्राथमिकताएं हैं। रिफलेक्टर लगाने से जहां सड़क हादसों की संभावना कम होगी, वहीं फिल्टर पानी वितरण से यात्रियों को गर्मी और लंबी यात्रा में होने वाली थकान से निजात मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान क्लब अध्यक्ष नितिन खदरिया ने कहा कि समाज सेवा केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचना ही सेवा का असली रूप है। सचिव मनोज सिंगला और कोषाध्यक्ष हरीश जगवानी ने बताया कि इस तरह की पहल आगे भी जारी रहेगी और यात्रियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस मौके पर राधाकृष्ण सिंगला, रविन्द्र सिंगला, महक गर्ग, साहिल जिन्दल, विनोद जाखड़ और जैकी गुप्ता भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर यात्रियों को पानी पिलाया और उनके बैग पर रिफलेक्टर लगाए। यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना की और लॉयन्स क्लब के सदस्यों का धन्यवाद किया।
क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा कार्यों का मकसद केवल सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता फैलाना भी है। पैदल यात्रियों को बताया गया कि लंबी यात्रा में पानी पर्याप्त मात्रा में पीते रहें और यातायात नियमों का पालन अवश्य करें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।