-भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे हैमर थ्रो और 1500 मीटर दौड़ में, जिले में खुशी की लहर
हनुमानगढ़। जिले के सतीपुरा निवासी सरदार दलजीत सिंह ने हनुमानगढ़ का नाम रोशन करते हुए एशियन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्थान बनाया है। दलजीत सिंह का चयन 35 से 40 वर्ष आयु वर्ग में हैमर थ्रो और 1500 मीटर दौड़ के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 5 से 9 नवंबर तक चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगी, जिसमें एशिया महाद्वीप के शीर्ष एथलीट हिस्सा लेंगे।
कोच सुनील सांमरिया ने बताया कि दलजीत सिंह लगातार मेहनत और अनुशासन से अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दलजीत ने न केवल जिला स्तर पर बल्कि राज्य स्तर पर भी कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
दलजीत सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच सुनील सांमरिया और अपने माता-पिता को दिया है। उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति उनकी निष्ठा और कोच के मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। दलजीत ने कहा कि वे देश का नाम ऊँचा करने के लिए पूरी लगन से तैयारी कर रहे हैं।
सोमारनाथ स्पोर्ट्स क्लब के संरक्षक अर्जुन अवार्डी जगसीर सिंह ने कहा कि दलजीत का चयन हनुमानगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि भारतवर्ष का प्रतिनिधित्व करना किसी भी खिलाड़ी के लिए सर्वोच्च उपलब्धि होती है। वहीं क्लब के संरक्षक संदीप सिंह मान ने दलजीत को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं को भी खेलों की ओर प्रेरित करेगी।
क्लब के वरिष्ठ सदस्य विक्रम सिंह मान ने बताया कि इस प्रतियोगिता में पूरे एशिया के श्रेष्ठ खिलाड़ी भाग लेंगे, और दलजीत का प्रदर्शन निश्चित रूप से भारत के लिए सम्मानजनक रहेगा।
मास्टर्स एथलीट दलजीत सिंह के चयन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जनेश तंवर, क्लब अध्यक्ष हंसराज बिश्नोई, सचिव ताराचंद कंबोज, कोषाध्यक्ष नरेंद्र झोरड, उपाध्यक्ष दिलीप राम थोरी, राधेराम सहारण, सहायक सचिव मदन नोखवाल सहित क्लब के सभी सदस्यों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































