-नंगे पांव पैदल यात्रा कर जताया आक्रोश, 9 फरवरी को रावतसर हाईवे जाम की चेतावनी
हनुमानगढ़। टाउन रोड से भद्रकाली माता मंदिर तक निर्माणाधीन सड़क में हो रही अत्यधिक देरी के विरोध में मंगलवार को ग्राम पंचायत चक 8 एचएमएच के सरपंच रोहित स्वामी ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज करवाया। सरपंच रोहित स्वामी ने मां भद्रकाली मंदिर से हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित जिला कलैक्ट्रैट के गांधी स्मारक तक नंगे पांव पैदल यात्रा कर सड़क निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने भी उनके साथ पैदल चलकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सरपंच रोहित स्वामी ने बताया कि भद्रकाली माता जी के मंदिर में प्रतिवर्ष विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष भद्रकाली माता का मेला 19 मार्च से प्रारंभ होना प्रस्तावित है। ऐसे में यदि सड़क का निर्माण समय पर पूरा नहीं हुआ, तो श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ टाउन रोड से भद्रकाली मंदिर तक लगभग 7 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य पिछले दो वर्षों से चल रहा है, लेकिन कार्य की गति बेहद धीमी है। पूरी सड़क को तोड़ दिया गया है, जबकि अब तक मात्र लगभग 2 किलोमीटर हिस्से में ही निर्माण कार्य पूरा हो पाया है। शेष सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त है और बड़े-बड़े गड्ढे होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
सरपंच ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मनमानी ढंग से काम कर रहे हैं। कभी 500 मीटर सड़क बनाकर महीनों तक कार्य बंद कर दिया जाता है। इससे आमजन, स्कूली बच्चों की बसें, वैन और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वाहनों के टायर पंचर होना और नुकसान होना आम बात हो गई है, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































