लायन क्लब हनुमानगढ़ सिटी द्वारा सेवा सप्ताह कार्यक्रम आयोजित

136

हनुमानगढ़। लायन क्लब हनुमानगढ़ सिटी द्वारा सेवा सप्ताह के अंतर्गत आज टाउन स्थित “अपना घर वृद्धाश्रम” में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्लब सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों का हालचाल जाना, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें फलों व नाश्ते का वितरण किया। कार्यक्रम में क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन सुधीर वाजपेई ने कहा कि सेवा ही लायन क्लब की पहचान है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज का अनमोल धरोहर होते हैं और उनके जीवन में सम्मान, स्नेह और देखभाल का भाव जगाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने लायन क्लब हनुमानगढ़ सिटी की टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल बुजुर्गों में आत्मीयता का भाव जगाते हैं, बल्कि समाज में सेवा की प्रेरणा भी देते हैं।
क्लब अध्यक्ष लायन नितिन खदरिया ने बताया कि सेवा सप्ताह के दौरान क्लब द्वारा विभिन्न सामाजिक और जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताना और उनकी जरूरतों का ध्यान रखना क्लब के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभी सदस्यों से इस प्रकार के कार्यक्रमों में निरंतर सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब सदस्यों ने बुजुर्गों से संवाद किया, उनकी दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों की जानकारी ली। सभी उपस्थित बुजुर्गों को ताजे फलों की टोकरी भेंट की गई। इस दौरान वृद्धाश्रम का माहौल आत्मीयता और अपनापन से भर गया। बुजुर्गों ने क्लब सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें समाज से जुड़ाव और आत्मीय सहयोग का अनुभव होता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।