भटनेर किंग्स क्लब ने 500 कंबल बांटकर जरूरतमंदों को दी ठंड से राहत
हनुमानगढ़. जंक्शन में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर भटनेर किंग्स क्लब ने सेवा और संवेदना की मिसाल कायम करते हुए जरूरतमंदों के बीच 500 कंबल वितरित किए। कड़ाके की ठंड से जूझ रहे गरीब, असहाय और बेसहारा लोगों के लिए यह पहल किसी संजीवनी से कम नहीं रही। शिव मंदिर सिनेमा के पास झुग्गियों से शुरू हुआ यह सेवा अभियान रात 12.30 बजे तक रेलवे स्टेशन परिसर, बाजार, सुरेशिया, खुंजा सहित विभिन्न क्षेत्रों में चलता रहा।
कंबल वितरण कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय ने की। उन्होंने भटनेर किंग्स क्लब के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। यह केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि भटनेर किंग्स क्लब शुरू से ही मानव सेवा सर्वाेपरि के सिद्धांत पर काम करता आ रहा है, इसलिए यह संगठन भीड़ से अलग और समाज में अलग पहचान रखता है।
क्लब के अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने बताया कि इस बार ठंड का असर जनजीवन पर ज्यादा दिखाई दे रहा है। इसलिए मकर संक्रांति जैसे पुण्य अवसर पर क्लब ने कंबल वितरण का निर्णय लिया। उनका कहना था कि सेवा कार्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। आगे भी भटनेर किंग्स क्लब इसी तरह जरूरतमंदों के लिए काम करता रहेगा।
कार्यक्रम प्रभारी सतनाम सिंह खोसा ने बताया कि लोहड़ी और मकर संक्रांति दोनों पर्व दान-पुण्य के लिए प्रसिद्ध हैं। भारतीय परंपरा में इन त्योहारों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि ठंड में कोई न ठिठुरे, कोई मजबूर न हो, इसी भावना से इस प्रकल्प को चुना गया। केवल कंबल ही नहीं, बल्कि खाद्य सामग्री का भी वितरण किया गया, ताकि जरूरतमंदों को तत्काल राहत मिल सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































