हनुमानगढ़ टाउन स्थित व्यापार मंडल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हनुमानगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-एक द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह शिविर दिनांक 21 दिसंबर 2025 से 27 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया गया, जिसमें स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एनएसएस प्रभारी अनु मुंजाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का उद्देश्य छात्राओं में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और सांस्कृतिक चेतना का विकास करना था। समापन समारोह की मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. नीलम गॉड रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत में एनएसएस प्रभारी द्वारा सात दिवसीय शिविर की विस्तृत गतिविधि रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें विभिन्न सेवा कार्यों, जागरूकता कार्यक्रमों और समूह गतिविधियों की जानकारी दी गई। समारोह के दौरान हाउस ऑफ डांस के कोरियोग्राफर महेश कुमार ने स्वयंसेविकाओं को भारतनाट्यम नृत्य का प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही पंजाबी गीतों पर भांगड़ा सिखाकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। स्वयंसेविकाओं ने भी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का सम्मान व आभार व्यक्त किया गया। शिविर के दौरान स्वयं सेविकाओं द्वारा किए गए कार्यों का अवलोकन भी किया गया। सप्ताह भर चली गतिविधियों के आधार पर प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले समूहों की स्वयंसेविकाओं को सम्मानित किया गया।
एनएसएस प्रभारी ने शिविर को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। समापन अवसर पर सभी ने इस प्रकार के आयोजनों को छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































