15 सितम्बर से शुरू होगा शहर चलो अभियान

212

-वार्ड स्तर पर लगे शिविर, पहले दिन आमजन को दी गई जानकारी
हनुमानगढ़। राज्य सरकार की ओर से नगरीय निकायों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए शहर चलो अभियान की शुरुआत 15 सितम्बर से की जाएगी। यह विशेष अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सड़क व सीवरेज सुधार जैसे अनेक कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। अभियान की पूर्व तैयारियों के लिए 4 से 13 सितम्बर तक वार्ड स्तर पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।
नगरपरिषद आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि अभियान के दौरान शहर की साफ-सफाई को व्यापक स्तर पर अंजाम दिया जाएगा। सड़कों की मरम्मत और पेचवर्क, टूटी नालियों, क्रॉस व फेरोकवर की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट की खराबियों को दूर करना व नई लाइटें लगाना प्रमुख कार्य होंगे। इसके साथ ही सार्वजनिक पार्क और शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नागरिकों की सुविधाओं के लिए सीवरेज कनेक्शन और उनकी मरम्मत का कार्य भी इसी अभियान में किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के पट्टे जारी किए जाएंगे, जिनमें स्टेट ग्रांट, कच्ची बस्ती 69ए और कृषि भूमि के पट्टे शामिल हैं।
अभियान के पहले दिन गुरूवार को जंक्शन उप कार्यालय व टाउन मुख्य कार्यालय में शिविर लगाए गए। जंक्शन प्रभारी गंगाराम व टाउन प्रभारी आकाश के नेतृत्व में आयोजित इन शिविरों में आमजन को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुँचकर सुविधाओं का लाभ उठाएँ और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा करवाएँ।
शिविरों का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। 04 सितम्बर को वार्ड 12, 15 से 19 तथा 48 से 50 के लिए उप कार्यालय नगरपरिषद जंक्शन में शिविर होगा। 8 सितम्बर को वार्ड 9 से 11 और 13-14 के लिए सामुदायिक केंद्र हनुमान मंदिर सेक्टर 12 जंक्शन, 9 सितम्बर को वार्ड 2 से 8 के लिए सामुदायिक केंद्र हाउसिंग बोर्ड, 10 सितम्बर को वार्ड 1 और 51 से 60 के लिए सामुदायिक केंद्र पीली चक्की सेक्टर 6 तथा इसी दिन वार्ड 20 से 23, 25 और 42 से 47 के लिए नगरपरिषद टाउन कार्यालय में शिविर होगा। 11 सितम्बर को वार्ड 24, 26 से 30 तक के लिए पंचायती धर्मशाला टाउन, 12 सितम्बर को वार्ड 31 से 35 के लिए सामुदायिक केंद्र सूर्यनगर और 13 सितम्बर को वार्ड 36 से 41 के लिए नगरपालिका स्कूल प्रेमनगर में शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान की सफलता के लिए नगरपरिषद प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारी और कर्मचारी वार्ड स्तर पर लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस पहल से लाभान्वित हो सकें।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।