नवरात्र महोत्सव में शतचंडी पाठ व हवन यज्ञ, गौसेवा के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

117

हनुमानगढ़। नवरात्रों के पावन अवसर पर फाटक गौशाला, बरकत कॉलोनी में बीमार, असहाय एवं दुर्घटनाग्रस्त गोवंश के स्वास्थ्य और कल्याण की मंगलकामना को लेकर भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। गौशाला परिसर स्थित सेठ सावलिया मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत शतचंडी पाठ और एक कुण्डीय हवन यज्ञ का आयोजन हुआ। अनुष्ठान में मंगलवार रात्रि को श्री हितराधा नाम संकीर्तन हुआ, जिसमें स्वामी रोशन हरिवंशी एवं रमेश कुमार ने भक्तों को संगीतमय भजनों से भावविभोर कर दिया। संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और राधा नाम का गुणगान कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। बुधवार प्रातः 8.15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं ब्राह्मणों की उपस्थिति में हवन यज्ञ की पूर्णाहुति दी गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियाँ अर्पित कर धर्मलाभ प्राप्त किया। पंडित रामनारायण शास्त्री के सानिध्य में सम्पन्न इस अनुष्ठान को सभी ने आस्था और सेवा का अद्भुत संगम बताया। फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि नवरात्र महोत्सव के दस दिनों तक प्रतिदिन प्रातः व सायंकालीन पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस विशेष शतचंडी पाठ एवं हवन यज्ञ का मुख्य उद्देश्य असहाय गोवंश की भलाई और स्वास्थ्य की प्रार्थना करना था। अग्रवाल ने यह भी बताया कि गौशाला का संचालन पूर्णतः जनसहयोग पर आधारित है और गौभक्तों की सक्रिय भागीदारी ही इस सेवा कार्य को गति देती है। अनुष्ठान के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को नवरात्र महोत्सव के दौरान आस्था, भक्ति और सेवा का अनुपम उदाहरण करार दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।