– फाटक गौशाला में क्षेत्र की खुशहाली और बेसहारा पशुओं के स्वास्थ्य की कामना
हनुमानगढ़ टाउन स्थित बरकत कॉलोनी की फाटक गौशाला में नवरात्रों के पावन अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां चल रहे दस दिवसीय नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत शतचंडी पाठ एवं एक कुंडली हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और गौशाला में आश्रय लिए बेसहारा, बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त पशुओं के स्वास्थ्य की मंगलकामना करना था। चौथे नवरात्र के अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में स्थानीय विधायक गणेशराज बंसल ने भाग लिया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र की खुशहाली एवं समस्त जन-जन के कल्याण की प्रार्थना की। विधायक बंसल ने कहा कि गौसेवा और धार्मिक अनुष्ठान हमारे जीवन को पवित्रता और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं । फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने जानकारी दी कि गौशाला परिसर में स्थित सांवलिया सेठ मंदिर में प्रतिदिन प्रातः और सायं आरती का आयोजन किया जाता है। नवरात्र के दौरान भक्तों की भीड़ विशेष रूप से बढ़ जाती है और वातावरण भक्तिमय हो उठता है। उन्होंने बताया कि आज की संध्या आरती के यजमान फ़ूडग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष संतलाल जिंदल, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र पारीक, फ्रूट ग्रेड मर्चेंट एसोसिएशन के सचिव सनी जुनेजा सहित कई गणमान्य लोग रहे। सभी ने माता रानी के समक्ष नतमस्तक होकर क्षेत्र की समृद्धि और जनता के कल्याण की प्रार्थना की।कार्यक्रम के दौरान श्री रघुनाथ मंदिर सत्संग समिति के सदस्यों ने श्री अमृतवाणी का मधुर पाठ प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर हो गया। मंत्रों की गूंज और भजनों की मधुर ध्वनि ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद का अनुभव कराया। फाटक गौशाला के इस धार्मिक आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से आए भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हवन यज्ञ और पाठ के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने नवरात्र महोत्सव को और भी भव्य बना दिया। गौशाला प्रबंधन ने बताया कि नवरात्रों के शेष दिनों में भी इसी प्रकार के धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन प्रतिदिन किया जाएगा, जिसमें भक्तजन सम्मिलित होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































