100 खिलाड़ियों को जूते, 15 कबड्डी खिलाड़ियों को किट व 128 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

155

हनुमानगढ़। टीम यूथ क्लब सोसायटी के 9वें स्थापना दिवस के अवसर पर जंक्शन स्थित सारस्वत भवन में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, खेल एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में शहर व जिले के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, खेल प्रशिक्षकों एवं युवाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
समारोह के मुख्य अतिथि बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष जितेंद्र गोयल,  प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय, सेवानिवृत्त उपकोषाधिकारी पीलीबंगा हरीकृष्ण वर्मा, पुलिस उप निरीक्षक शम्भुदयाल स्वामी (सादुलशहर, श्रीगंगानगर), समाजसेवी युधिष्ठिर गक्खड़, डॉ. सुमन चवाला, एवरग्रीन डिफेंस एंड स्पोर्ट्स अकैडमी सूरतगढ़ के कोच व आर्मी से सेवानिवृत्त गुरप्रेम सिंह मान तथा जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूथ क्लब सोसायटी के संस्थापक एवं अध्यक्ष मनदीप सिंह ने की।
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेंद्र गोयल ने कहा कि नशा मुक्त हनुमानगढ़” के संकल्प के साथ खेल व शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों का सम्मान तथा जरूरतमंद बच्चों को खेल सामग्री प्रदान करना वास्तव में समाज को सही दिशा देने वाला सराहनीय प्रयास है।
प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि उन्हें सही दिशा, अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे समाज और राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। उन्होंने यूथ क्लब सोसायटी द्वारा लगातार 9 वर्षों से किए जा रहे सामाजिक एवं खेल संबंधी प्रयासों की सराहना की। अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल और शिक्षा का संतुलन ही सर्वांगीण विकास का आधार है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।