जयपुर में 26 दिसम्बर को गूंजेगी ‘श्रमिक हुंकार रैली’

102

– एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी का दावा, मांगें पूरी न होने पर लंबी लड़ाई की चेतावनी
हनुमानगढ़। भारतीय मजदूर संघ की ओर से 26 दिसम्बर को जयपुर में आयोजित होने वाली विशाल श्रमिक हुंकार रैली को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रैली को ऐतिहासिक बनाने का दावा करते हुए मजदूर संघ पदाधिकारियों ने कहा कि इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से एक लाख से अधिक श्रमिक, कर्मचारी व संघ कार्यकर्ता शामिल होकर अपनी एकजुटता का परिचय देंगे। हनुमानगढ़ जिले के विभिन्न विभागों से भी बड़ी संख्या में कर्मचारी व संघ से जुड़े कार्यकर्ता इस रैली में भाग लेने के लिए तैयारियों में जुट गए हैं।
इसी क्रम में बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जे.वी.वी.एन.एल.) के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में श्रमिक हुंकार रैली के पोस्टर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री संदीप सिरावता, जिला संगठन मंत्री ओमप्रकाश गोदारा सहित कई विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। पोस्टर विमोचन के साथ ही रैली को लेकर जिलेभर में जनसंपर्क अभियान की शुरुआत भी कर दी गई।
जिला मंत्री संदीप सिरावता ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ लंबे समय से विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सरकार को अवगत करवा रहा है, लेकिन समाधान नहीं मिलने के कारण अब रैली के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की जाएगी। उन्होंने कहा कि 26 दिसम्बर की रैली में प्रदेशभर से कर्मचारी जयपुर पहुंचेंगे और श्रमिक हितों पर प्रभाव डालने वाली नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना था कि “श्रमिकों के अधिकार छीनने वाली किसी भी नीतिगत कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
जिला संगठन मंत्री ओमप्रकाश गोदारा ने स्पष्ट कहा कि यदि जयपुर रैली के बाद भी सरकार द्वारा प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिए जाते तो मजदूर संघ व्यापक आंदोलन की ओर कदम बढ़ाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आंदोलन चरणबद्ध तरीके से और अधिक उग्र रूप में आगे बढ़ सकता है। “हमारी मांगें श्रमिकों के हित में हैं, यदि सरकार सुनवाई नहीं करेगी तो संघर्ष लंबा चलेगा,” उन्होंने कहा।
जिला मीडिया प्रभारी गुरमुख सिंह ने बताया कि रैली में विशेष रूप से अनुकंपा पर लगे सहायकों को लिपिक पद और मेडिकल सुविधाएं राज्य सरकार की तर्ज पर उपलब्ध करवाने सहित 24 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की इन जायज मांगों को लेकर वर्षों से संघर्ष जारी है, इसलिए इस रैली में जनसमूह सरकार को स्पष्ट संदेश देगा कि अब श्रमिकों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।