– जंक्शन से टाउन तक निकलेगी भव्य शोभायात्रा, संयुक्त कमेटी का गठन
हनुमानगढ़। श्री अरूट जी महाराज की जयंती को इस वर्ष हनुमानगढ़ में विशेष उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में श्री अरोड़वंश सभा हनुमानगढ़ जंक्शन एवं श्री अरोड़वंश सभा हनुमानगढ़ टाउन की कार्यकारिणी तथा वरिष्ठ अरूटवंशीय समाजजनों की एक संयुक्त बैठक 8 मई 2026 को आयोजित की गई। बैठक में आगामी 30 मई 2026 को मनाई जाने वाली श्री अरूट जी महाराज की जयंती को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से आयोजित करने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपस्थित समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस वर्ष श्री अरूट जी महाराज की जयंती पर हनुमानगढ़ जंक्शन से हनुमानगढ़ टाउन तक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश दिया जा सके।
बैठक के दौरान जयंती समारोह एवं शोभायात्रा की समुचित व्यवस्था के लिए एक संयुक्त कमेटी का गठन भी किया गया। इस कमेटी में दोनों सभाओं के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं संरक्षक मंडल के सदस्यों को शामिल किया गया है। कमेटी को आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा तैयार करने तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































