दौलतपुरा में सिंगल विकेट क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ

192

-एडवोकेट विकास बेनीवाल और रायसाहब चाहर ने युवाओं को खेल से जुड़ने और नशे से दूर रहने का दिया संदेश
हनुमानगढ़। गांव दौलतपुरा में रविवार को प्रमोद क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित सिंगल विकेट क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन एडवोकेट विकास बेनीवाल और रायसाहब चाहर ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत रूप से रिबन काटकर और खिलाड़ियों से परिचय लेकर किया गया। उद्घाटन अवसर पर दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी देता है।
एडवोकेट बेनीवाल ने कहा कि मौजूदा समय में युवा पीढ़ी को नशे जैसी बुरी लतों से बचाने के लिए खेलों से जुड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने उपस्थित सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे खेल को खेल की भावना से खेलें और जीत-हार से ऊपर उठकर खेल का आनंद लें। रायसाहब चाहर ने कहा कि खेलों में समय देने से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि आत्मविश्वास और आपसी भाईचारा भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि जितना ज्यादा युवा खेलों में भाग लेंगे, उतना ही समाज नशामुक्त और स्वस्थ बनेगा।
टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। गांव के खेल मैदान में बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य गांव के युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर अन्तरजीत, सुनील, हर्ष, प्रकाश, आशाराम, संजय, लखविंदर, हरदीप, अजय, राहुल सहित कई ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मुकाबलों की शुरुआत हुई, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया।
आयोजकों ने बताया कि आने वाले दिनों में भी ऐसे खेल आयोजनों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि गांव में खेल संस्कृति को मजबूत किया जा सके। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने आयोजकों और खिलाड़ियों को बधाई दी तथा विजेताओं को पुरस्कृत करने का आश्वासन दिया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।